55 वर्षीय महिला चलते ट्रैक्टर से गिरकर घायल, जिला चिकित्सालय में भर्ती,उपचार जारी....
नीमच// नीमच जिले के जीरन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम माल्या से बामनिया मार्ग पर बुधवार दोपहर एक सड़क दुर्घटना में 55 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब राजपूत समाज की महिलाएं एक धार्मिक कार्यक्रम से लौट रही थीं।प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम हडकिया खाल निवासी लगभग 20 से 25 महिलाएं मंगलवार रात ग्राम माल्या में आयोजित रातीजागे के कार्यक्रम में शामिल हुई थीं। बुधवार दोपहर ये सभी महिलाएं ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर अपने गांव लौट रही थीं। इसी दौरान माल्या और बामनिया के बीच ट्रॉली के डाले की चेन अचानक खुल गई, जिससे उसमें रखी पानी की केन नीचे गिरने लगी।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार केन को पकड़ने के प्रयास में प्रेम कुँवर पति मोहन सिंह राजपूत (उम्र 55 वर्ष) ट्रॉली से नीचे गिर गईं। गिरने के कारण उन्हें अंदरूनी चोटें आईं। परिजनों द्वारा तुरंत उन्हें जिला चिकित्सालय नीमच लाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।घटना की जानकारी देते हुए घायल महिला की रिश्तेदार भंवर कुँवर ने बताया कि घटना अचानक हुई और ट्रैक्टर चालक की गलती नहीं थी।फिलहाल महिला की हालत स्थिर बताई जा रही है और डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज किया जा रहा है।