logo
add image

ड्रग्स के 'काले खेल' का भंडाफोड़: पोल्ट्री फार्म की आड़ में बन रही थी MD ड्रग, सरगना जमशेद लाला सहित चार आरोपी गिरफ्तार....

रतलाम //जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। थाना पिपलोदा अंतर्गत ग्राम बोरखेड़ा के एक पोल्ट्री फार्म को MDMA (एमडी) की अवैध फैक्ट्री में तब्दील कर दिया गया था। पुलिस की सूचना पर की गई रात्री दबिश में अंतरराष्ट्रीय स्तर का मशहूर ड्रग मैन्युफैक्चरर जमशेद लाला उर्फ सैट समेत चार आरोपी गिरफ्तार किए गए।पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार के मार्गदर्शन में एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय की टीम ने गत रात्रि संयुक्त अभियान चलाया। जब टीम पोल्ट्री फार्म पर पहुंची तो चारों आरोपी केमिकल भट्टी पर ड्रग बना रहे थे। पुलिस को देखते ही वे भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया गया।गिरफ्तार आरोपी हैं— इरशाद खान (35), युसुफ खान (45), सलीम उर्फ राज (40) और मुख्य सरगना जमशेद खान उर्फ लाला (42), जो राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले का रहने वाला है। पूछताछ में जमशेद लाला ने बताया कि वह पिछले कई सालों से एमडी बनाने का काम कर रहा था। उसके खिलाफ राजस्थान, गुजरात और मध्यप्रदेश में पहले भी कई मामले दर्ज हैं।तलाशी के दौरान 200 ग्राम तैयार एमडी (कीमत करीब 20 लाख रुपये), 900 ग्राम 2-ब्रोमो-4-मिथाइल प्रोपियोफेनोन, 140.48 किलो MDC केमिकल, 35.6 किलो HCL केमिकल, गैस सिलेंडर, भट्टी, ड्रायर मशीन, वेटिंग मशीन और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए। आरोपी ने कबूल किया कि एक दिन पहले ही करीब 3 किलो एमडी किसी खरीदार को सप्लाई की गई थी।पुलिस अब पूरे सप्लाई नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की तलाश में जुट गई है। इस सफलता पर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने पूरी टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की।यह कार्रवाई जिले में ड्रग्स के बढ़ते खतरे को रोकने की दिशा में एक मजबूत कदम मानी जा रही है। NDPS एक्ट की धारा 8/22 के तहत पिपलोदा थाने में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच जारी है।

Top