logo
add image

15 लाख की फिरौती मांगने वाला शातिर गिरफ्तार : फिल्मों से सीखा अपराध का तरीका, पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा.....

मंदसौर। थाना कोतवाली पुलिस ने एक सनसनीखेज फिरौती मामले का खुलासा करते हुए 15 लाख रुपये की मांग करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने हॉलीवुड और बॉलीवुड फिल्मों, विशेषकर “शूटआउट एट लोखंडवाला” जैसी फिल्मों से प्रेरित होकर फिरौती मांगने की पूरी साजिश रची थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल सहित करीब 97 हजार रुपये का सामान भी जब्त किया है। पुलिस अधीक्षक मंदसौर श्री विनोद कुमार मीणा के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री बी.एस. बघेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र सिंह भास्कर के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक पु्ष्पेंद्र सिंह राठौर के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

ऐसे सामने आया मामला....

पुलिस के अनुसार 19 मई 2026 को फरियादी तैयब अली पिता हबीबुद्दीन हाफिजी बोहरा निवासी मुफद्दल टाउनशिप, मंदसौर ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि 18 मई की शाम अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल फोन के माध्यम से 5 लाख रुपये की फिरौती मांगी और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 334/2026 धारा 308(2), 351(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच में खुली परत-दर-परत साजिश....

जांच के दौरान पुलिस ने फरियादी से विस्तृत पूछताछ की। इसी बीच आरोपी लगातार मोबाइल फोन कर फिरौती की रकम बढ़ाता गया। पहले 5 लाख रुपये मांगे गए, बाद में यह रकम बढ़ाकर 15 लाख रुपये कर दी गई। आरोपी ने धमकी दी कि रकम नहीं देने पर पूरे परिवार को खत्म कर दिया जाएगा। तकनीकी जांच और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने 22 मई को आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

फिल्मों से प्रभावित होकर बनाई योजना....

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह फरियादी के घर में एसी फिटिंग का काम कर चुका था और वहीं से उसने परिवार की आर्थिक स्थिति की जानकारी जुटाई। इसके बाद उसने फिल्मों और वेब सीरीज देखकर फिरौती मांगने की योजना बनाई। आरोपी ने अपराध को अंजाम देने के लिए लगभग सात माह पहले एक मोबाइल खरीदा था, जिसका उपयोग केवल इस अपराध के लिए किया गया। इतना ही नहीं, आरोपी ने ट्रेन यात्रा के दौरान उज्जैन और इंदौर के बीच एक यात्री का मोबाइल व सिम चोरी कर उसे इस वारदात में इस्तेमाल किया, ताकि पुलिस तक उसकी पहचान न पहुंच सके।

आरोपी और जब्त सामग्री.....

पुलिस ने आरोपी रेहान पिता कल्लू उर्फ मेवाती, निवासी चंद्रपुरा, थाना नई आबादी, मंदसौर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से एक मोटरसाइकिल, एक एंड्रॉयड मोबाइल और एक कीपैड मोबाइल जब्त किया गया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 97 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका....

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौर, उप निरीक्षक जितेंद्र सिंह कछावा, सहायक उप निरीक्षक पाल, प्रधान आरक्षक कमलेश सिंह भदौरिया, आरक्षक अजय सिंह सोलंकी, आरक्षक आशिष बैरागी, आरक्षक नवीन सिंह, आरक्षक मनीष धोलपुरिया सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Top