एमडी ड्रग्स और डोडाचूरा सप्लाई करने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार, शामगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई.....
मंदसौर। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शामगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एमडी ड्रग्स पावडर और अवैध डोडाचूरा सप्लाई करने वाले फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी राजस्थान के झालावाड़ जिले का निवासी है और लंबे समय से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता कुरील एवं एसडीओपी दिनेश प्रजापति के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी शामगढ़ उपनिरीक्षक कपिल सौराष्ट्रीय एवं उनकी टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार 21 मई 2026 को थाना शामगढ़ पुलिस ने ग्राम मधुर कॉलोनी शामगढ़ निवासी अंकित पिता गोपाल विश्वकर्मा के कब्जे से 68 ग्राम एमडी ड्रग्स पावडर तथा 5 किलो अवैध डोडाचूरा जब्त किया था। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22, 15 एवं 29 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। पूछताछ के दौरान आरोपी अंकित विश्वकर्मा ने खुलासा किया कि वह एमडी ड्रग्स पावडर और डोडाचूरा राजस्थान के झालावाड़ जिले के ग्राम दुधालिया निवासी फरदीन पिता आजाद खान से लाता था। इसके बाद पुलिस ने फरदीन खान को भी मामले में आरोपी बनाया और उसकी तलाश शुरू की। लगातार दबिश और मुखबिर तंत्र की मदद से शामगढ़ पुलिस ने 23 मई 2026 को फरार आरोपी फरदीन खान (20 वर्ष) निवासी ग्राम दुधालिया, थाना डग, जिला झालावाड़ (राजस्थान) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मादक पदार्थों के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कपिल सौराष्ट्रीय सहित शामगढ़ थाना पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसकी वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सराहना की गई है।