400 ग्राम एमडी ड्रग्स मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार, राजस्थान से हुई गिरफ्तारी, एमडी ड्रग्स सप्लाई करने वाले आरोपी को दबोचा....
मंदसौर// अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मल्हारगढ़ पुलिस ने 400 ग्राम एमडी ड्रग्स प्रकरण में एक और आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुख्य सप्लायर को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक मंदसौर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और अनुविभागीय अधिकारी के मार्गदर्शन में थाना मल्हारगढ़ पुलिस ने 5 जून 2026 को मुखबिर सूचना के आधार पर भैंसाखेड़ा फंटा क्षेत्र में कार्रवाई कर मोहम्मद अशफाक उर्फ समीर निवासी मल्हारगढ़ को 400 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया था। मामले में ड्रग्स खरीदने वाले शाहनवाज को भी गिरफ्तार किया गया था। जांच के दौरान आरोपी मोहम्मद अशफाक से पूछताछ में सामने आया कि जब्त मादक पदार्थ उसे अमीर हमजा उर्फ गुड्डू लाला निवासी गोवर्धनपुरा, थाना हथुनिया, जिला प्रतापगढ़ (राजस्थान) द्वारा उपलब्ध कराया गया था। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 7 जून को आरोपी अमीर हमजा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार मामले में आरोपी से एमडी ड्रग्स के स्रोत और नेटवर्क के संबंध में पूछताछ जारी है तथा प्रकरण की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। गिरफ्तार आरोपी अमीर हमजा उर्फ गुड्डू लाला, पिता कमाल खां, निवासी गोवर्धनपुरा, थाना हथुनिया, जिला प्रतापगढ़ (राजस्थान)। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मल्हारगढ़ निरीक्षक अनिल रघुवंशी सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।