दिल्ली में दलित युवक की हत्या के विरोध में नीमच में आक्रोश, दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर खटीक समाज ने सोपा ज्ञापन.......
नीमच// दिल्ली के उत्तम नगर क्षेत्र में होली के दिन दलित युवक तरुण खटीक की हत्या के विरोध में नीमच में खटीक समाज सहित सर्व समाज के लोगों ने आक्रोश व्यक्त किया। समाजजनों ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, गृह मंत्री तथा दिल्ली की मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।ज्ञापन में बताया गया कि होली जैसे पावन और उल्लास के पर्व पर इस प्रकार की जघन्य घटना ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। समाज के लोगों का कहना था कि एक युवक की निर्मम हत्या मानवता को शर्मसार करने वाली घटना है। इस घटना से दलित समाज सहित सभी वर्गों में आक्रोश और भय का वातावरण बना हुआ है। लोगों ने कहा कि ऐसी घटनाएं सामाजिक सद्भाव और भाईचारे को भी गंभीर रूप से प्रभावित करती हैं।ज्ञापन में मांग की गई कि इस मामले में शामिल सभी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और प्रकरण की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराई जाए,ताकि पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय मिल सके। साथ ही दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की भी मांग की गई। समाजजनों ने कहा कि यदि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो इस तरह की घटनाएं भविष्य में भी हो सकती हैं, जिससे समाज में असुरक्षा का माहौल बढ़ेगा।इसके अलावा पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता प्रदान करने और उन्हें सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी मांग ज्ञापन के माध्यम से की गई। समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि सरकार को इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और समाज में विश्वास कायम रहे।इस दौरान खटीक समाज सहित विभिन्न समाजों के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और सभी ने एक स्वर में घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन सौंपते समय समाज के वरिष्ठजन और युवा वर्ग भी मौजूद रहे।