रामपुरा/मनासा। क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी को उस समय बड़ा राजनीतिक झटका लगा जब रामपुरा के कद्दावर नेता और ब्लॉक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष श्री सम्राट दीक्षित ने कांग्रेस का दामन छोड़ भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। वर्तमान में जिला उपाध्यक्ष एवं पार्षद प्रतिनिधि के रूप में सक्रिय श्री दीक्षित ने भाजपा की रीति-नीति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की कार्यप्रणाली से प्रभावित होकर यह निर्णय लिया।
विकासवादी सोच से हुए प्रभावित....
भाजपा में शामिल होने के अवसर पर श्री सम्राट दीक्षित ने कहा कि वे देश में मोदी सरकार और प्रदेश की भाजपा सरकार की राष्ट्रवादी विचारधारा के साथ-साथ मनासा विधायक श्री अनिरुद्ध माधव मारू की विकासवादी सोच से काफी प्रभावित हैं। क्षेत्र में हो रहे निरंतर विकास कार्यों और जनहितैषी नीतियों के कारण उन्होंने भाजपा परिवार के साथ चलने का संकल्प लिया।
वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में ली सदस्यता.....
भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में आयोजित एक गरिमामयी कार्यक्रम के दौरान जिला भाजपा प्रभारी श्री सुभाष पटेल और जिलाध्यक्ष श्रीमती वंदना खंडेलवाल की उपस्थिति में उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई गई। भाजपा नेताओं ने श्री दीक्षित का फूल-माला पहनाकर और पार्टी का दुपट्टा ओढ़ाकर हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया।
भाजपा संगठन को मिलेगी मजबूती.....
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि श्री दीक्षित के भाजपा में आने से रामपुरा और आसपास के क्षेत्र में पार्टी संगठन को और अधिक मजबूती मिलेगी। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने श्री दीक्षित के आगमन का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।