logo
add image

गुंडागर्दी पर पाटीदार समाज का फूटा गुस्सा, कार में तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी के बाद सड़कों पर उतरे समाजजन.....

 नीमच। शहर के बघाना क्षेत्र में दबंगों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे आम नागरिकों के घरों में घुसकर तोड़फोड़ और जानलेवा धमकियाँ देने से भी नहीं कतरा रहे हैं। बीती रात बघाना के पाटीदार मोहल्ले में हुई एक हिंसक घटना ने पूरे समाज को आक्रोशित कर दिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्यवाही की मांग को लेकर गुरुवार को पाटीदार समाज के सैकड़ों लोगों ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय का घेराव किया और ज्ञापन सौंपा।

आधी रात को तांडव: पत्थरबाजी से चकनाचूर की कार....

पीड़ित अजय पाटीदार (32 वर्ष), निवासी जूना बघाना ने बताया कि 22-23 अप्रैल की दरमियानी रात करीब 2:00 बजे जब पूरा परिवार सो रहा था, तब उनके घर के बाड़े में खड़ी निजी कार (हुंडई i10 ग्रैंड मैग्ना, RJ09CC4777) पर हमला किया गया। आरोपी सौरभ पाटीदार, कुशाल पाटीदार और सुनील पाटीदार ने भारी पत्थरों से हमला कर कार के आगे-पीछे और साइड के कांच फोड़ दिए। इतना ही नहीं, बदमाशों ने कार की वायरिंग भी काट दी। सुबह मौके पर शराब की बोतलें और बड़े पत्थर मिले, जो हमले की योजना को साफ दर्शाते हैं।

विवाद की जड़ शादी में गंदा पानी फेंकने से शुरू हुई रंजिश....

पीड़ित के अनुसार, यह रंजिश दो दिन पहले एक शादी समारोह से शुरू हुई थी। वहां आरोपियों ने नशे की हालत में पीड़ित पर गंदा पानी फेंका था, जिसका विरोध करने पर विवाद हुआ। इस घटना के वीडियो फुटेज भी पुलिस को सौंपे गए हैं और बघाना थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। लेकिन पुलिस की ढिलाई के चलते आरोपियों के हौसले और बढ़ गए।

"पुलिस हमारी है..." आरोपियों की खुली धमकी से दहशत में परिवार...

अजय पाटीदार ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आरोपी अपनी राजनीतिक पहुंच का रौब झाड़ रहे हैं। वे खुलेआम कह रहे हैं कि "ऊपर तक सेटिंग है, पुलिस हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकती।" आरोपियों ने पीड़ित परिवार को झूठे एनडीपीएस (मादक पदार्थ) केस में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी है, जिससे पूरा परिवार खौफ के साये में जीने को मजबूर है।

पाटीदार समाज की चेतावनी कार्यवाही नहीं हुई तो होगा उग्र आंदोलन....

गुरुवार को बड़ी संख्या में पाटीदार समाज के लोग एसपी कार्यालय पहुंचे और एसपी अंकित जायसवाल के नाम ज्ञापन सौंपकर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। समाज के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि बदमाशों पर कड़ी कार्यवाही कर पीड़ित परिवार को सुरक्षा प्रदान नहीं की गई, तो समाज उग्र आंदोलन और धरना प्रदर्शन करने के लिए विवश होगा। फिलहाल पुलिस ने मामला संज्ञान में लेते हुए जांच और उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया है, लेकिन क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।

Top