भीषण आग नयागांव के कचरा गोदाम में लगी आग से थमा हाईवे, काले धुएं के गुबार से दहशत....
नीमच // जिले के जावद थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम केशरपुरा के पास गुरुवार दोपहर एक निजी कचरा गोदाम में भीषण आग लग गई। महू-नसीराबाद नेशनल हाईवे के किनारे स्थित इस गोदाम में भड़की आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
हाईवे पर यातायात प्रभावित....
आग इतनी भीषण थी कि उससे निकलने वाला घना काला धुआं कई किलोमीटर दूर से देखा जा सकता था। धुएं के गुबार के कारण नेशनल हाईवे पर दिखाई देना कम हो गया, जिससे वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई और कुछ समय के लिए यातायात की गति थम गई।
दमकल विभाग की कड़ी मशक्कत....
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। विक्रम फैक्ट्री की दमकल सहित नगर परिषद की कई गाड़ियां आग बुझाने में जुट गईं। गोदाम में रखे सूखे कचरे और ज्वलनशील सामग्री के कारण लपटें तेजी से फैलती रहीं, जिससे दमकलकर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
कारण अज्ञात, प्रशासन अलर्ट....
फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। इस घटना ने क्षेत्र में संचालित कचरा गोदामों में सुरक्षा मानकों और कचरा प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने मांग की है कि इस लापरवाही की जांच की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।