नीमच | जिले के जावद थाना क्षेत्र के ग्राम रूपपुरा में एक भीषण सड़क हादसे ने शादी वाले घर की खुशियों को उम्र भर के गम में बदल दिया। जिस घर में दो दिन बाद शहनाइयां बजनी थीं और बारात निकलनी थी, वहां अब मां की अर्थी उठने से सन्नाटा पसरा है। शादी की तैयारियों के बीच काल बनकर आया अज्ञात वाहन जानकारी के अनुसार, ग्राम रूपपुरा निवासी 34 वर्षीय कांताबाई पति कैलाश चंद भील के बेटे की शादी महज दो दिन बाद होनी तय थी। घर में उत्सव का माहौल था और मंगल गीत गाए जा रहे थे। बुधवार को कांताबाई अपने बेटे के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर शादी की अंतिम खरीदारी और जरूरी काम के लिए मोरवन गई थीं।
हादसे ने छीनी घर की खुशियां....
शाम को जब मां-बेटा सामान लेकर वापस गांव लौट रहे थे, तभी रास्ते में एक अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कांताबाई सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि उनका बेटा भी चोटिल हुआ। स्थानीय लोगों ने तुरंत एम्बुलेंस की मदद से दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। अस्पताल में उपचार के दौरान शाम करीब 7:15 बजे डॉक्टरों ने कांताबाई को मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव....
गुरुवार सुबह जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम किया गया, जिसके बाद गमगीन माहौल में देह परिजनों को सौंप दी गई। इस घटना के बाद से ही पूरे रूपपुरा गांव में शोक की लहर है। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।