बिंदोरी में तलवारबाजी मामले में नायक समाज का आक्रोश, एसपी कार्यालय का घेराव कर दी आंदोलन की चेतावनी....
नीमच। जिले के जीरन थाना क्षेत्र के ग्राम जेतपुरा में विवाह समारोह के दौरान हुई तलवारबाजी और जानलेवा हमले की घटना ने अब तूल पकड़ लिया है। पुलिस की कथित ढुलमुल कार्रवाई से नाराज नायक समाज के सैकड़ों लोगों ने गुरुवार को जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। समाज के प्रतिनिधियों और पीड़ित परिवार ने एसपी के नाम ज्ञापन सौंपकर आरोपियों पर सख्त धाराएं बढ़ाने और सभी दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 20 अप्रैल 2026 की रात करीब 10 बजे की है। ग्राम जेतपुरा में प्रार्थी अन्तरसिंह नायक की भांजी की बिंदोरी निकल रही थी। आरोप है कि जब बिंदोरी शिव मंदिर के पास पहुंची, तब काना, नारायण, महेन्द्र रावत, गोविन्द, प्रभुसिंह, हिम्मतसिंह और ओमसिंह सहित अन्य लोगों ने पुरानी रंजिश या विवाद के चलते विशाल नायक को घेर लिया। विशाल को बचाने पहुंचे उसके भाई नरेन्द्र पर भी आरोपियों ने लाठी, तलवार और चाकू से प्राणघातक हमला कर दिया। इस हमले में विशाल की दोनों जांघों पर तलवार के गहरे घाव हुए हैं, जिसमें 16-17 टांके आए हैं। वहीं नरेन्द्र की पीठ और कमर पर भी गंभीर चोटें आई हैं। दोनों का उपचार फिलहाल जिला अस्पताल में चल रहा है!नायक समाज ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए ज्ञापन में पीड़ित परिवार ने जीरन पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने घटना के काफी देर बाद एफआईआर दर्ज की। हमले में कई लोग शामिल थे, लेकिन पुलिस ने केवल तीन लोगों को नामजद कर औपचारिकता पूरी की। आरोपियों पर मामूली धाराएं लगाई गई हैं, जबकि हमला जानलेवा था।
आरोपी दे रहे हैं जान से मारने की धमकी....
परिजनों ने बताया कि आरोपी अब भी खुलेआम घूम रहे हैं और अस्पताल पहुंचकर रिपोर्ट वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। आरोप है कि एक आरोपी खुद को आर्मी का जवान बताकर पुलिस कार्रवाई न होने की धौंस दे रहा है और परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहा है, जिससे पूरा परिवार दहशत में है।
उग्र आंदोलन की चेतावनी....
नायक समाज के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि समय रहते सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 307 (हत्या का प्रयास) जैसी गंभीर धाराएं नहीं बढ़ाई गईं और उनकी गिरफ्तारी नहीं हुई, तो समाज सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगा। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को सुरक्षा मुहैया कराने और निष्पक्ष जांच की मांग की है।