विधायक अनिरुद्ध मारू ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से की भेंट, मनासा आने का दिया न्योता; सिंधिया बोले- 'अब तो मनासा चलना ही होगा'....
मनासा। मध्यप्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल के सुपुत्र प्रबल पटेल के सगाई उत्सव के दौरान भोपाल में एक महत्वपूर्ण राजनीतिक मेल-मिलाप देखने को मिला। इस मांगलिक अवसर पर मनासा विधायक अनिरुद्ध माधव मारू ने माननीय केंद्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से आत्मीय भेंट की।
आत्मीय संवाद और 'शिकायत'....
भेंट के दौरान केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने विधायक मारू से गर्मजोशी से मिलते हुए सहज अंदाज में कहा कि, "आप कभी मिलने नहीं आते हो।" इस पर विधायक मारू ने महाराज सिंधिया का ससम्मान अभिवादन किया और उन्हें अपने क्षेत्र मनासा आने का भावपूर्ण निमंत्रण दिया।
सिंधिया ने स्वीकार किया आमंत्रण....
विधायक मारू के आमंत्रण को श्री सिंधिया ने सहर्ष स्वीकार किया। उन्होंने मौके पर मौजूद परिवहन मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत की ओर मुखातिब होते हुए कहा कि, "मनासा विधानसभा में अब तो चलना ही होगा।"
क्षेत्रीय विकास पर हुई चर्चा....
इस स्नेहिल भेंट के दौरान विधायक अनिरुद्ध मारू ने केंद्रीय मंत्री के साथ मनासा क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा भी की। विधायक मारू ने बताया कि महाराज सिंधिया का मनासा आगमन जल्द ही तय किया जाएगा, जिसके लिए आगामी कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की जा रही है।
इस मुलाकात के बाद मनासा विधानसभा के कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।