logo
add image

स्कॉर्पियो से कुचलने की कोशिश: पैरोल पर बाहर आए अशोक धाकड़ पर जानलेवा हमला,आईसीयू में भर्ती.....

नीमच//जिले के रतनगढ़ थाना क्षेत्र में सिंगोली मार्ग पर एक सनसनीखेज जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। पैरोल पर जेल से बाहर आए हाथीपुरा निवासी अशोक धाकड़ पर कुख्यात तस्कर पप्पू धाकड़ और उसके साथियों द्वारा हमला किए जाने का आरोप है। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने अशोक की बाइक को स्कॉर्पियो वाहन से टक्कर मारकर उन्हें कुचलने का प्रयास किया। गंभीर रूप से घायल अशोक धाकड़ को जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

पत्नी को ससुराल छोड़कर लौट रहे थे घर

प्राप्त जानकारी के अनुसार अशोक धाकड़ अपनी पत्नी को उसके मायके छोड़कर बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सिंगोली मार्ग पर पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अशोक सड़क पर गिर पड़े और उसे गंभीर चोटें आईं। हादसे में उसके हाथ, पैर और कमर में गंभीर चोटें बताई जा रही हैं। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए आईसीयू में भर्ती किया।

मुखबिरी के शक में रची साजिश.....

घटना के पीछे पुरानी रंजिश और मुखबिरी का शक बताया जा रहा है। परिजनों के अनुसार करीब तीन साल पहले हुए एक विवाद के बाद आरोपी पप्पू धाकड़ को अशोक पर पुलिस को सूचना देने का संदेह था। इसी कारण वह लगातार अशोक और उनके परिवार को जान से मारने की धमकियां दे रहा था। परिजनों का आरोप है कि इसी रंजिश के चलते सुनियोजित तरीके से यह हमला किया गया।

पुलिस पर लापरवाही के आरोप.....

घायल अशोक के पिता देवीलाल धाकड़ ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि पूर्व में उन्होंने थाने में लिखित आवेदन देकर सुरक्षा की मांग की थी, लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। यदि समय रहते कार्रवाई होती, तो यह घटना टाली जा सकती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की लापरवाही के कारण ही आरोपियों के हौसले बुलंद हुए।

स्कॉर्पियो जब्त, आरोपी फरार.

घटना की सूचना मिलते ही रतनगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने हमले में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर लिया है। हालांकि, मुख्य आरोपी पप्पू धाकड़ सहित अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

परिवार ने मांगी सुरक्षा और न्याय.....

घटना के बाद पीड़ित परिवार दहशत में है। देवीलाल धाकड़ ने प्रशासन से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी,सख्त कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने आशंका जताई है कि आरोपी दोबारा हमला कर सकते हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। वहीं, अशोक धाकड़ की हालत गंभीर बनी हुई है,

Top