एआई तकनीक से पत्रकारिता में आएगा बड़ा बदलाव, निष्पक्षता और ग्रामीण मुद्दों पर जोर जरूरी देना जरूरी- प्रोफेसर आशीष जोशी......
मनासा। प्रेस क्लब मनासा द्वारा नगर के अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित एक दिवसीय पत्रकार कार्यशाला में एआई तकनीक, निष्पक्ष पत्रकारिता और ग्रामीण पत्रकारिता की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में विभिन्न वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त करते हुए पत्रकारों को नई तकनीक अपनाने और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यशाला को संबोधित करते हुए माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय भोपाल के व्याख्याता डाक्टर आशीष जोशी ने कहा कि पहले टीवी चैनल स्थापित करने में लगभग 100 करोड़ रुपए खर्च होते थे, लेकिन एआई तकनीक आने के बाद वही कार्य अब बहुत कम राशि में संभव हो गया है। उन्होंने बताया कि एआई के उपयोग से पत्रकार घंटों का काम मिनटों में कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि आज भी कई पत्रकार टीवी चैनलों में एजेंट या प्रतिनिधि के रूप में कार्य कर रहे हैं।जिन्होंने ग्रामीण पत्रकारिता के महत्व को बताते हुए कहा कि भारत गांवों में बसता है और ग्रामीण क्षेत्रों से निकले मुद्दे राष्ट्रीय स्तर पर परिवर्तन ला सकते हैं। अंतिम पंक्ति में बैठे हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। पत्रकारों को निष्पक्ष, निर्भीक और सत्यापित खबर लिखनी चाहिए। जबलपुर जिला समन्वयक अभिलाष चौबे ने एआई आधारित तकनीक पर जानकारी देते हुए बताया कि एआई के माध्यम से भाषा परिवर्तन, शिक्षा, चिकित्सा और कृषि क्षेत्रों में उपयोग किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि एआई जहां लाभदायक है, वहीं इसके दुरुपयोग से फेक वीडियो जैसी समस्याएं भी उत्पन्न हो सकती हैं, जिनकी सच्चाई भी एआई से सामने लाई जा सकती है। वहीं कार्यशाला के पश्चात सम्मान समारोह के दोरान कार्यक्रम को मुख्य अतिथि मनासा विधायक अनिरुद्ध माधव मारू ने संबोधित करते हुए कहा कि पत्रकार का नैतिक कर्तव्य है कि वह समाज की अच्छाइयों के साथ बुराइयों को भी प्रमुखता से उजागर करे। उन्होंने कहा कि यदि पत्रकार लक्ष्य निर्धारित कर कार्य करे तो समाज में व्याप्त बुराइयों को दूर किया जा सकता है। पत्रकारों को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर समाजहित में कार्य करना चाहिए। मनासा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष श्याम सोनी ने कहा कि पत्रकारिता आसान नहीं है। देश की आजादी में पत्रकारों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज का आईना होता है और उसे टीआरपी बढ़ाने के लिए झूठ का सहारा नहीं लेना चाहिए। सत्य के मार्ग पर चलते हुए सत्ता से सवाल पूछना पत्रकार का कर्तव्य है। नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सीमा तिवारी ने कहा कि पत्रकार और जनप्रतिनिधि दोनों को निरंतर नई चीजें सीखनी होती हैं। पत्रकारों से प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को सही दिशा मिलती है। अध्यक्ष प्रतिनिधि अजय तिवारी ने कहा कि पत्रकारिता और राजनीति दोनों का उद्देश्य सुधार और परिवर्तन होना चाहिए। नीमच जिला प्रेस क्लब अध्यक्ष श्याम गुर्जर ने कहा कि एआई समय की मांग है और इससे पत्रकारिता में क्रांतिकारी परिवर्तन आएंगे। कार्यक्रम में प्रोफेसर जे.एस.जी. दुबे (मंदसौर), टीके झाला (मंदसौर), नगर पंचायत अध्यक्ष सीमा जागीरदार, भाजपा जिला महामंत्री नरेंद्र मालवीय ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 20 से अधिक समाजसेवियों का सम्मान किया गया। पत्रकारिता के क्षेत्र में जगदीश छाबड़ा, रामप्रसाद कसेरा, रक्तदान के लिए राकेश खींची, पर्यावरण के लिए आनंद मानावत व अनूप शर्मा, विधवा पेंशन के लिए कुकडेवर की सेवा अर्पण संस्था, मरीजों को स्वास्थ्य उपकरण उपलब्ध कराने के लिए कर्तव्य एक प्रयास संस्था, गौसेवा के लिए सर्वेश झवर, लोकेश बंटू सचदेवा, नारायण चिचानी, कमलेश आगर तथा कला के क्षेत्र में मदनलाल राठौर का प्रमाण पत्र, शाल व श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दोरान कार्यशाला में सहभागी बने सभी पत्रकारों को भी प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रेस क्लब मनासा अध्यक्ष रामधन विजयवर्गीय ने की। कार्यक्रम में नीमच जिला प्रेस क्लब अध्यक्ष श्याम गुर्जर, उपाध्यक्ष ललित सिंह चुंडावत, सचिव मुकेश शर्मा, सलाहकार भारत सोलंकी, कार्यकारिणी सदस्य राजू नागदा, अर्जुन सिंह जायसवाल, पवन राव शिंदे, श्रमजीवी पत्रकार संघ जिला अध्यक्ष प्रदीप जैन सहित नीमच, सरवानिया, जावद, रतनगढ़, मोरवन, सिंगोली, डिक्केन, जीरन, रामपुरा, कुकडेश्वर, कंजार्डा, आतरी माता व मनासा क्षेत्र के बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन यशवंत राठौर ने किया एवं आभार सचिव भरत कनेरिया ने व्यक्त किया।