logo
add image

पेट्रोल-डीजल और गैस कीमतों को लेकर महिला कांग्रेस का प्रदर्शन,केंद्र सरकार के खिलाफ की जमकर नारेबाजी.....

नीमच// पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के लगातार बढ़ते दामों के विरोध में रविवार को महिला कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष आशा सांभर एवं जिला प्रभारी यासमीन शेरानी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और महिलाओं ने गांधी भवन से रैली निकाली। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई विजय टॉकीज चौराहा पहुंची और वहां से दशहरा मैदान के सामने स्थित पेट्रोल पंप पर पहुंचकर प्रदर्शन में तब्दील हो गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए पेट्रोल-डीजल और गैस के दाम कम करने की मांग उठाई।प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस जिला प्रभारी यासमीन शेरानी ने केंद्र सरकार की नीतियों पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार आम जनता पर लगातार महंगाई का बोझ डाल रही है। उन्होंने कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पेट्रोल-डीजल के दामों में मामूली कमी कर जनता को राहत देने का दावा करते हैं,वहीं दूसरी ओर लोगों को निजी वाहनों की जगह ई-रिक्शा और ट्रेन में यात्रा करने की सलाह देते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने डीजल,पेट्रोल और गैस के दामों में भारी बढ़ोतरी कर आम आदमी का बजट बिगाड़ दिया है।यासमीन शेरानी ने कहा कि सरकार महिलाओं के हितों की बात करती है,लेकिन गैस सिलेंडर और घरेलू जरूरतों की वस्तुओं के दाम बढ़ाकर महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक तरफ विभिन्न योजनाओं के तहत सहायता राशि देने का प्रचार किया जाता है, वहीं दूसरी ओर बिजली, गैस और ईंधन की कीमतों में वृद्धि कर जनता की जेब पर अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है।उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने जल्द ही पेट्रोल, डीजल और गैस के दाम कम नहीं किए तो महिला कांग्रेस पूरे प्रदेश और देशभर में सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी।प्रदर्शन में कांग्रेस जिला अध्यक्ष तरुण बाहेती,पूर्व जिला अध्यक्ष अनिल चौरसिया, हिदायतुल्ला खान,नेता प्रतिपक्ष योगेश प्रजापति, सेवादल जिला अध्यक्ष गजेंद्र यादव,विनोद शर्मा,महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष आशा सांभर सहित बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता एवं कांग्रेसजन मौजूद रहे।

Top