logo
add image

महू-नसीराबाद हाईवे पर दो ट्रेलरों की भीषण भिड़ंत, चालक गंभीर घायल,मामला दर्ज....

नीमच//महू-नसीराबाद हाईवे पर रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नयागांव चौकी क्षेत्र स्थित तुलसी होटल के सामने दो ट्रेलरों की जोरदार भिड़ंत में एक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। घायल चालक को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में अन्यत्र रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार दुर्घटना रविवार रात करीब 11 बजे हुई। बताया जा रहा है कि तुलसी होटल के पास बने स्पीड ब्रेकर पर आगे चल रहे ट्रेलर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहा दूसरा ट्रेलर अनियंत्रित हो गया और सीधे आगे वाले ट्रेलर से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पीछे वाले ट्रेलर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया तथा वाहन सड़क किनारे उतर गया।हादसे के बाद आसपास के लोगों और राहगीरों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। ट्रेलर के केबिन में चालक बुरी तरह फंस गया था। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही नयागांव चौकी पुलिस और टोल एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा घायल को जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया।घायल चालक की पहचान राजस्थान के भीलवाड़ा निवासी 28 वर्षीय मदनलाल पुत्र गुर्जर के रूप में हुई है। चिकित्सकों के अनुसार हादसे में उसके दोनों पैरों और एक हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे अन्य अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने आगे चल रहे ट्रक चालक को रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Top