कांग्रेस ने मनाई पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 35वीं पुण्यतिथि, गांधी भवन में दी भावभीनी श्रद्धांजलि.....
नीमच// शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा गुरुवार को गांधी भवन में भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की 35 वीं पुण्यतिथि श्रद्धा,सम्मान और सादगी के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं वरिष्ठ नेताओं ने राजीव गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके योगदान को याद किया।कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद उपस्थित कांग्रेसजनों ने स्वर्गीय राजीव गांधी के व्यक्तित्व, उनके दूरदर्शी नेतृत्व और प्रधानमंत्री रहते हुए किए गए ऐतिहासिक कार्यों पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि राजीव गांधी ने देश को आधुनिक तकनीक, कंप्यूटर और दूरसंचार क्रांति की नई दिशा दी। उन्होंने भारत को आधुनिक और तकनीकी रूप से सशक्त राष्ट्र बनाने की नींव रखी।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राजीव गांधी युवाओं की सोच और सपनों को समझने वाले नेता थे। उनका सपना भारत को 21 वीं सदी की ओर अग्रसर करना था, जिसे आज भी देश याद करता है। उन्होंने पंचायत राज व्यवस्था को मजबूत करने, ग्रामीण विकास को बढ़ावा देने, शिक्षा के विस्तार और विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल की।वक्ताओं ने कहा कि राजीव गांधी प्रगतिशील विचारधारा, लोकतांत्रिक मूल्यों और विकासवादी सोच के प्रतीक थे। उनके नेतृत्व में शुरू की गई योजनाओं का लाभ आज भी देश को मिल रहा है। कार्यक्रम के अंत में सभी कांग्रेसजनों ने स्वर्गीय राजीव गांधी को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।इस दौरान शहर कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी,वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं कांग्रेसजन उपस्थित रहे।