नशा मुक्ति अभियान में रतनगढ़ पुलिस की कार्रवाई, 54 किलो डोडाचूरा सहित आरोपी गिरफ्तार, इको कार जब्त.....
नीमच। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रतनगढ़ थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 54 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा के साथ गिरफ्तार किया है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त एक सफेद रंग की मारुति सुजुकी इको कार भी जब्त की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा प्रदेशभर में चलाए जा रहे नशाविरोधी अभियान के तहत रतलाम रेंज के उप पुलिस महानिरीक्षक श्री निमिष अग्रवाल, नीमच पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नवलसिंह सिसोदिया एवं एसडीओपी जावद श्री रोहित राठौर के निर्देशन में रतनगढ़ थाना पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में 21 मई 2026 को पुलिस टीम द्वारा गुरुसराय के आगे नीम का खेड़ा रोड पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान पुलिस ने एक सफेद रंग की मारुति सुजुकी इको कार क्रमांक MP 53 CA 6850 को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से कुल 54 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से आरोपी नन्दलाल उर्फ विक्रम पिता महेन्द्र बंजारा, उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम पतलाई, थाना जावदा, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट 1985 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस द्वारा जब्त किए गए मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 8 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है, जबकि जब्त इको कार की कीमत लगभग 5 लाख रुपये आंकी गई है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भूरालाल भावर एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा तस्करों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।