logo
add image

मिलावटखोरों पर प्रशासन का बड़ा प्रहार : अरनिया कुमार स्थित फर्म पर छापेमारी, अखाद्य केमिकल मिलने पर फर्म सील.....

नीमच// जिले में खाद्य पदार्थों में मिलावट और अखाद्य रसायनों के उपयोग के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशन में प्रशासनिक टीम ने ग्राम अरनिया कुमार स्थित पंकज कुमार नीरज कुमार फर्म पर औचक निरीक्षण किया, जहां भारी मात्रा में अखाद्य केमिकल पाए जाने पर फर्म को तत्काल सील कर दिया गया।
प्रशासनिक टीम द्वारा की गई जांच के दौरान फर्म परिसर में सल्फर, हाइड्रा सहित अन्य रासायनिक पदार्थ मिले, जिन्हें खाद्य उपयोग के लिए अनुपयुक्त और मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक बताया गया। जांच के दौरान मिले पदार्थों को देखकर टीम ने गंभीरता से कार्रवाई करते हुए मौके पर ही फर्म को सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी। यह कार्रवाई एसडीएम नीमच संजीव साहू, तहसीलदार नीमच नगर संजय मालवीय तथा राजस्व विभाग की टीम की मौजूदगी में की गई। अधिकारियों ने फर्म में रखे केमिकल्स और अन्य सामग्री की जांच कर आवश्यक दस्तावेज भी खंगाले। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा है कि जिले में खाद्य पदार्थों में मिलावट, नकली सामग्री के उपयोग अथवा अखाद्य रसायनों के भंडारण और विक्रय करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं खाद्य पदार्थों में मिलावट, संदिग्ध केमिकल या अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके। तहसीलदार संजय मालवीय ने बताया कि जिले में मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Top