दहेज प्रताड़ना के बीच पति ने रचाई दूसरी शादी, पीड़िता व परिवार ने एसपी से न्याय की लगाई गुहार....
नीमच// जिले के रामपुरा और जावद तहसील क्षेत्र से घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना और अवैध पुनर्विवाह का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि पुलिस को समय रहते लिखित शिकायत देने के बावजूद उसके पति ने बिना तलाक लिए दूसरी शादी कर ली। अब पीड़िता न्याय की गुहार लगा रही है।जानकारी के अनुसार रामपुरा तहसील के ग्राम जमालपुरा निवासी सपना कछावा का विवाह वर्ष 2018 में जावद तहसील के मोरवन निवासी जोहरसिंह कछावा के साथ हुआ था। शादी के बाद दोनों की एक बेटी हुई, जिसकी वर्तमान उम्र करीब 4 वर्ष बताई जा रही है। पीड़िता सपना का आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही उसका पति दहेज में 5 लाख रुपए और कार की मांग करने लगा। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ आए दिन मारपीट की जाती थी।पीड़िता ने बताया कि उसका पति शराब के नशे में घर आता था और छोटी-छोटी बातों को लेकर मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था।लगातार हो रही प्रताड़ना से परेशान होकर वह अपने मायके आकर रहने लगी थी। सपना कछावा के अनुसार उसे अपने पति की दूसरी शादी की जानकारी पहले ही मिल गई थी। इसके बाद उसने 21 अप्रैल 2026 को रामपुरा थाने में लिखित आवेदन देकर विवाह रुकवाने और कार्रवाई की मांग की थी। लेकिन आरोप है कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और कोई ठोस कदम नहीं उठाया। इसी का फायदा उठाते हुए आरोपी जोहरसिंह ने 25 अप्रैल 2026 को बिना तलाक लिए दूसरी शादी कर ली।अब पीड़िता और उसके भाई ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को दूसरी शादी के कार्ड और तस्वीरें साक्ष्य के रूप में सौंपे हैं। पीड़िता का कहना है कि पुलिस की लापरवाही के कारण आरोपी के हौसले बढ़े और उसने खुलेआम दूसरी शादी कर ली।पीड़िता ने मांग की है कि आरोपी पति के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और अवैध पुनर्विवाह की धाराओं में तत्काल मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया जाए, ताकि उसे और उसकी मासूम बेटी को न्याय मिल सके।