logo
add image

राहुल गांधी पर कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, कांग्रेस जिला अध्यक्ष तरुण बाहेती ने मनासा विधायक पर लगाएं गंभीर आरोप.....

नीमच। कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी के खिलाफ मनासा विधायक माधव मारू द्वारा मनासा थाने में आवेदन दिए जाने के विरोध में रामपुरा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। देर रात हुए इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विधायक का पुतला फूंका तथा भाजपा सरकार और विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने किया। उन्होंने विधायक माधव मारू पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राहुल गांधी देश के बड़े और राष्ट्रीय स्तर के नेता हैं, लेकिन मनासा विधायक सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए ओछी राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक जनता के असली मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए इस प्रकार के कदम उठा रहे हैं। कांग्रेस जिला अध्यक्ष तरुण बाहेती ने मनासा विधानसभा क्षेत्र की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्षेत्र लगातार अपराध और अवैध गतिविधियों का गढ़ बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में आंतरी माताजी क्षेत्र में अवैध हथियार फैक्ट्री पकड़ी गई, जो बेहद गंभीर और चिंताजनक मामला है। इसके अलावा क्षेत्र में एमडी ड्रग्स के कारोबार, जमीन घोटालों और अवैध कॉलोनियों का जाल तेजी से फैल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मनासा क्षेत्र में मंदिरों की जमीनों से जुड़े घोटाले और अवैध कॉलोनियों के मामले सबसे अधिक सामने आ रहे हैं। बाहेती ने कहा कि विधायक को इन गंभीर मुद्दों पर जवाब देना चाहिए, लेकिन वे राजनीतिक लाभ लेने के लिए अनावश्यक विवाद खड़े कर रहे हैं। रेत माफियाओं के मुद्दे पर भी कांग्रेस ने भाजपा सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को घेरा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रशासन द्वारा समय-समय पर कार्रवाई का दिखावा किया जाता है, लेकिन इसके बावजूद क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और रेत से भरे डंपरों की आवाजाही लगातार जारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब राजनीतिक संरक्षण में हो रहा है और क्षेत्र की जनता सब कुछ देख रही है। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि भाजपा नेताओं द्वारा इस प्रकार की राजनीति बंद नहीं की गई तो आने वाले दिनों में पूरे जिले में व्यापक आंदोलन और उग्र प्रदर्शन किए जाएंगे। प्रदर्शन के दौरान विधानसभा प्रभारी हिमांशु जोशी, मंगेश संघई, ईश्वर मुजावदिया, श्याम सोनी, मनोरमा मुंदड़ा, चंद्रशेखर पालीवाल, लोकेंद्र सिंह “मोंटी” बना, मनीष पोरवाल, विजय राज सिंह चंद्रावत, संदीप सोनी, खेमराज गुर्जर, सोमिल सोनी, अंकित जैन, सत्यनारायण “सत्तू” लश्कर, आशीष पोखरना, फिरोज लाल मंसूरी, मानसिंह गुर्जर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Top