मनासा में पीडीएस चावल की कालाबाजारी पर प्रशासन का बड़ा एक्शन,भाटखेड़ी नाका क्षेत्र के तीन दुकानदारों पर एफआईआर दर्ज, 612 किलो शासकीय चावल जप्त....
नीमच। जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत गरीबों को वितरित किए जाने वाले शासकीय चावल की कालाबाजारी और अवैध संग्रहण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए तीन दुकानदारों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। यह कार्रवाई कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देश एवं अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश के आदेश पर की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 22 मई 2026 को कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी मनासा श्री जितेन्द्र नागर द्वारा थाना मनासा में भाटखेड़ी नाका क्षेत्र के तीन दुकानदारों—विशाल पिता अशोक राठौड़, लक्की पिता दिलीप सोनी एवं रवि पिता भारत लोहार—के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज करवाई गई। बताया गया कि इससे पूर्व 6 अप्रैल 2026 को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मनासा श्रीमती किरण आंजना के निर्देश पर नायब तहसीलदार श्री रूपसिंह राजपूत एवं कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी श्री जितेन्द्र नागर द्वारा भाटखेड़ी नाका स्थित अनाज दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया था। जांच के दौरान दुकानों में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के फोर्टिफाइड शासकीय चावल का अवैध संग्रहण पाया गया। निरीक्षण के दौरान विशाल राठौड़ की दुकान से 297 किलोग्राम, लक्की सोनी की दुकान से 40 किलोग्राम तथा रवि लोहार की दुकान से 275 किलोग्राम शासकीय चावल जब्त किया गया। कुल 612 किलोग्राम पीडीएस चावल बरामद होने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, संबंधित दुकानदार जब्त किए गए शासकीय चावल के संबंध में कोई वैध दस्तावेज, बिल या खरीद-बिक्री से जुड़े अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि उक्त चावल सार्वजनिक वितरण प्रणाली से संबंधित था, जिसका अवैध रूप से संग्रहण एवं विक्रय किया जा रहा था। अधिकारियों ने बताया कि यह कृत्य मध्यप्रदेश सार्वजनिक वितरण प्रणाली नियंत्रण आदेश 2015 की कंडिका 13(1) एवं 13(2) का उल्लंघन है, जो आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के अंतर्गत दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गरीबों के राशन की कालाबाजारी, अवैध विक्रय एवं हेराफेरी करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में राशन माफियाओं में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।