logo
add image

ऑपरेशन के दौरान मरीज की मौत पर बवाल,निजी अस्पताल पर लापरवाही का आरोप, पुलिस ने संभाला मोर्चा.....

नीमच// जिले के जावी गांव निवासी प्रहलाद पिता भंवरलाल विठोल की एक निजी ज्ञानोदय अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो जाने के बाद शुक्रवार रात को अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। मृतक के परिजनों ने चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग वहां एकत्रित हो गए।प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रहलाद विठोल को पीठ दर्द की शिकायत होने पर शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे वह खुद चल कर निजी अस्पताल में भर्ती हुआ था। परिजनों का कहना है कि डॉक्टरों ने ऑपरेशन की सलाह दी थी,जिसके बाद मरीज को ऑपरेशन थिएटर में ले जाया गया। आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान बरती गई लापरवाही के कारण उनकी हालत बिगड़ गई और कुछ ही देर बाद मौत हो गई। जैसे ही परिजनों को मौत की सूचना मिली,उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन,रिश्तेदार और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। स्थिति को बिगड़ता देख अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश देकर हालात को नियंत्रित किया। पुलिस की मौजूदगी में अस्पताल परिसर में काफी देर तक तनाव का माहौल बना रहा।परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी डॉक्टरों और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं शनिवार सुबह जिला चिकित्सालय में शव का पोस्टमार्टम कराया गया।किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए जिला अस्पताल परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अस्पताल प्रबंधन से भी पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Top