logo
add image

राजेंद्र प्रसाद स्टेडियम के बाहर होटल ओर दुकान संचालकों का कब्जा,सड़क तक फैला अतिक्रमण बना परेशानी का कारण.....

नीमच//शहर के राजेंद्र प्रसाद स्टेडियम के बाहर नगर पालिका की जमीन पर बढ़ते अतिक्रमण ने आम लोगों और वाहन चालकों की परेशानी बढ़ा दी है। खासतौर पर क्षेत्र में संचालित होटल व्यवसायियों द्वारा किए गए अवैध कब्जों को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। आरोप है कि होटल संचालकों ने अपनी दुकानों के बाहर 10 से 15 फीट तक नगर पालिका की जमीन पर कब्जा कर लिया है,जिससे दिनभर सड़क पर अव्यवस्था और जाम जैसे हालात बने रहते हैं। जानकारी के अनुसार स्टेडियम के बाहर स्थित कई दुकानदारों ने टीन शेड लगाकर पक्का निर्माण कर लिया है। वहीं होटल पराग टी और मनोहर टी के संचालकों द्वारा भी नगर पालिका की जमीन पर अवैध रूप से काउंटर,कुर्सियां और अन्य सामान रखकर कब्जा किया गया है। इतना ही नहीं, होटल के बाहर पेड़ों की छांव तक में कुर्सियां लगाकर ग्राहकों के बैठने की व्यवस्था कर दी गई है। सड़क के दूसरी ओर भी जाली बांधकर कुर्सियां लगाई गई हैं,जहां दिनभर लोगों का जमावड़ा लगा रहता है।स्थानीय लोगों का कहना है कि होटलों पर आने वाले ग्राहकों के वाहन सड़क किनारे खड़े होने से यातायात प्रभावित होता है। स्टेडियम मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बता दे कि इसी मार्ग पर पोस्ट ऑफिस भी है वही गर्ल्स स्कूल और गर्ल्स कॉलेज भी है आने वाले दिनों में विद्यालय और कॉलेज शुरू होंगे ऐसे में इसी मार्ग से बालिकाओ का आना-जाना भी लगा रहता है। होटल संचालकों के बाहर तक कब्जा होने के कारण बालिकाओं को भी कहीं ना कहीं लोगों के बैठने से परेशानी का सामना करना पड़ता है शाम के समय यहां स्थिति और ज्यादा खराब हो जाती है, जब सड़क का बड़ा हिस्सा होटल संचालकों के कब्जे में नजर आता है।
गौरतलब है कि नगर पालिका प्रशासन द्वारा हाल ही में शहर के बस स्टैंड क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई थी। उस दौरान नगर पालिका सीएमओ दुर्गा बामनिया ने राजेंद्र प्रसाद स्टेडियम क्षेत्र में भी कार्रवाई कर दुकानदारों को नोटिस जारी करने की बात कही थी। हालांकि तीन से चार दिन बीत जाने के बाद भी अब तक इस क्षेत्र में कोई कार्रवाई नहीं हुई है।ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि जब शहर के अन्य हिस्सों में अतिक्रमण हटाया जा रहा है, तो स्टेडियम क्षेत्र में होटल संचालकों द्वारा किए गए कब्जों पर प्रशासन कब कार्रवाई करेगा।

Top