logo
add image

मौसी के घर छुट्टियां मनाने आया 7 वर्षीय मासूम तालाब में डूबा, रूपपुरा गांव में दर्दनाक हादसे से पसरा मातम.....

नीमच// सिटी थाना क्षेत्र के ग्राम रूपपुरा में शनिवार शाम एक हृदयविदारक हादसे में 7 वर्षीय मासूम बच्चे की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक कुंदन पिता शिवलाल (7 वर्ष) निवासी ढोलपुरा, गर्मी की छुट्टियों के चलते कुछ दिन पहले अपनी मौसी के घर ग्राम रूपपुरा आया हुआ था। शनिवार शाम करीब 4 बजे वह गांव के अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। खेलते-खेलते वह गांव के तालाब के पास पहुंच गया। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह सीधे तालाब में जा गिरा। तालाब में पानी अधिक गहरा होने के कारण मासूम डूब गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तालाब में एक चप्पल तैरती दिखाई देने पर ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद परिजन और ग्रामीण तत्काल तालाब की ओर पहुंचे और बच्चे की तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने कुंदन को तालाब से बाहर निकाला। गंभीर हालत में उसे तुरंत जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। रविवार सुबह जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Top