नया गांव में सफाई कर्मचारियों से मारपीट का आरोप,आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग लेकर एसपी कार्यालय पहुंचे पीड़ित.....
नीमच// जिले के नया गांव क्षेत्र में सफाई कर्मचारियों के साथ मारपीट और पुलिस कार्रवाई को लेकर विवाद गहरा गया है। मामले में नगर परिषद के सफाई कर्मचारी एवं वाल्मीकि समाज के लोगों ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और निष्पक्ष जांच की मांग की।पीड़ित रवि निवासी नया गांव ने बताया कि वह नगर परिषद में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत है। उसके अनुसार 30 मई की रात करीब 8:30 बजे तुलसीराम खारोल और उसके साथियों ने उसके साथ मारपीट की। घटना के बाद वह शिकायत लेकर नया गांव चौकी पहुंचा, लेकिन वहां उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। पीड़ित का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें सुबह आने के लिए कहा, लेकिन अगले दिन भी उनकी शिकायत पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।पीड़ित पक्ष ने बताया कि अगले दिन एक कार्यक्रम के दौरान भी विवाद की स्थिति बनी। आरोप है कि वहां मौजूद सफाई कर्मचारियों के साथ अभद्रता की गई और उन्हें जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित किया गया। इसके बाद विवाद बढ़ा और मारपीट की घटना सामने आई।सफाई कर्मचारियों का आरोप है कि पूरे मामले में पुलिस ने उनकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया और उल्टा उनके ही करीब आठ साथियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि तुलसीराम खारोल के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज रहे हैं, इसके बावजूद पुलिस द्वारा निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की जा रही है।वाल्मीकि समाज और सफाई कर्मचारियों ने एसपी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा दर्ज प्रकरण की पुनः जांच कराने की मांग की। पीड़ितों का कहना है कि उन्हें न्याय चाहिए।