सीआरपीएफ नीमच में 61 नव नियुक्त अधीनस्थ अधिकारियों की शपथ ग्रहण परेड सम्पन्न....
नीमच// नीमच के सीआरपीएफ परिसर में 61 नव नियुक्त अधीनस्थ अधिकारियों (भूतपूर्व सैनिक) के बुनियादी प्रशिक्षण का सह शपथ ग्रहण परेड समारोह उत्साह और अनुशासन के साथ सम्पन्न हुआ। समारोह आरटीसी नीमच के परेड ग्राउंड में आयोजित किया गया, जहां प्रशिक्षुओं ने शानदार मार्चपास्ट और रण-कौशल का प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया।समारोह के मुख्य अतिथि दर्शन लाल गोला, निदेशक एवं प्राचार्य, केंद्रीय प्रशिक्षण महाविद्यालय, सीआरपीएफ नीमच ने परेड की सलामी ली। परेड का नेतृत्व उप निरीक्षक/कैडेट मंजित सिंह ने परेड कमांडर के रूप में किया, जबकि उप निरीक्षक/कैडेट करण कुमार कौशल परेड के द्वितीय कमान अधिकारी रहे।इस अवसर पर प्रमोद कुमार सिंह, उप महानिरीक्षक आरटीसी नीमच, छोटन ठाकुर, कमांडेंट आरटीसी नीमच, प्रमोद कुमार साहू, कमांडेंट ग्रुप केंद्र नीमच, जितेंद्र कुमार गुप्ता, कमांडेंट एवं मुख्य प्रशिक्षण अधिकारी, हरविंदर सिंह, कमांडेंट 04 सिग्नल, आशीष भटनागर, उप कमांडेंट, राजेश पंचाल, सहायक कमांडेंट, विशाल कुमार चौहान, सहायक कमांडेंट तथा मनोज कुमार, सहायक कमांडेंट सहित सीआरपीएफ के कई अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में स्थानीय प्रशासन, पुलिस विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, मीडिया कर्मी तथा जवानों के परिजन भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।जानकारी के अनुसार नव नियुक्त अधीनस्थ अधिकारियों का बुनियादी प्रशिक्षण 2 मार्च 2026 से शुरू हुआ था। 12 सप्ताह की प्रशिक्षण अवधि में प्रशिक्षुओं को बल के अनुशासन, शारीरिक दक्षता, हथियार संचालन, युद्ध कौशल, कानून, प्रबंधन और निहत्थी लड़ाई का विशेष प्रशिक्षण दिया गया। इसके अलावा भीड़ एवं दंगा नियंत्रण, मानवाधिकार, आपदा प्रबंधन और जनता के साथ पुलिस के बेहतर संबंध जैसे विषयों पर भी व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।प्रशिक्षुओं को जंगल सर्वाइवल प्रशिक्षण देकर प्राकृतिक संसाधनों पर निर्भर रहते हुए विपरीत परिस्थितियों में कार्य करने के लिए भी तैयार किया गया। प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को मुख्य अतिथि द्वारा ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।मुख्य अतिथि दर्शन लाल गोला ने अपने संबोधन में नव नियुक्त अधिकारियों से देश की सुरक्षा, अखंडता और सेवा भावना को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अब ये अधिकारी पूर्ण सैनिक के रूप में देश के विभिन्न क्षेत्रों में तैनात होकर राष्ट्र सेवा का दायित्व निभाएंगे।समारोह के दौरान कैडेट्स ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों और रण-कौशल का भी प्रभावशाली प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित अतिथियों और परिजनों ने खूब सराहा।