जहरीले पदार्थ के सेवन से युवक की मौत, इलाज के दौरान तोड़ा दम, पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच.....
नीमच// जिले के रतनगढ़ थाना क्षेत्र से एक दुखद मामला सामने आया है। सिंगोली तहसील अंतर्गत ग्राम लोहारिया जाट निवासी 35 वर्षीय राजुलाल भील पिता भोज भील की जहरीले पदार्थ के सेवन से उपचार के दौरान मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार राजुलाल भील ने सोमवार देर शाम अज्ञात कारणों के चलते अपने ही घर पर किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। जहरीला पदार्थ सेवन करने के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होते देख परिजन तत्काल उन्हें रतनगढ़ के शासकीय चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। लेकिन स्थिति नाजुक होने के चलते डॉक्टरों ने उन्हें जिला चिकित्सालय नीमच रेफर कर दिया। जिला चिकित्सालय में उपचार के दौरान राजुलाल भील ने दम तोड़ दिया। मंगलवार सुबह जिला चिकित्सालय में पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही रतनगढ़ थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक ने किन परिस्थितियों में जहरीले पदार्थ का सेवन किया। पुलिस परिजनों एवं आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच में जुटी हुई है। जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।