logo
add image

अवैध नामांतरण और लीज नवीनीकरण का मामला गरमाया,भाजपा पार्षद दल ने कलेक्टर से की कब्जा लेने की मांग.....

नीमच// भारतीय जनता पार्टी के पार्षद दल ने मंगलवार को कलेक्टर जनसुनवाई में योजना क्रमांक 18, भूखण्ड क्रमांक 15, वार्ड क्रमांक 9 स्थित नगरपालिका की मूल्यवान भूमि पर अवैध नामांतरण और लीज नवीनीकरण के मामले को लेकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि संबंधित भूखंड का मूल आवंटन वर्ष 1981-82 में प्रभुदयाल पिता मन्नालाल शर्मा को केवल तीन वर्ष की अवधि के लिए आरा मशीन और लकड़ी टाल संचालन हेतु किया गया था,लेकिन बाद में वहां रेती और पत्थर का स्टॉक पाया गया,जो मूल उद्देश्य के विपरीत था।ज्ञापन में कहा गया कि मध्यप्रदेश नगरपालिका अचल संपत्ति अंतरण नियमों के अनुसार बिना नगर तथा ग्राम निवेश विभाग की स्वीकृति के भूमि उपयोग परिवर्तन नहीं किया जा सकता। इसके बावजूद वर्ष 2011 से 2041 तक के लिए लीज नवीनीकरण कर दिया गया,जो नियम विरुद्ध बताया गया है। पार्षद दल का आरोप है कि 8 जुलाई 2019 को किया गया लीज अनुबंध बाद में 1 अगस्त 2019 को निरस्त भी कर दिया गया था, फिर भी नगरपालिका द्वारा भूमि का कब्जा वापस नहीं लिया गया।ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि घनश्याम शर्मा और आशिष उर्फ राजू जायसवाल के नाम से वर्ष 2019 में किया गया नामांतरण संदिग्ध परिस्थितियों में हुआ। आवेदकों ने आरोप लगाया कि कथित वसीयत को सक्षम न्यायालय में भारतीय उत्तराधिकार अधिनियम एवं साक्ष्य अधिनियम के प्रावधानों के तहत सिद्ध नहीं किया गया,इसके बावजूद नामांतरण आदेश जारी कर दिया गया। ज्ञापन में इसे क्षेत्राधिकार से बाहर और प्रभाव शून्य कार्रवाई बताया गया है।भाजपा पार्षद दल ने यह भी कहा कि पूर्व में इस भूखंड को लेकर नगरपालिका परिषद के पक्ष में प्रकरण निर्णित हो चुका है, इसके बावजूद कथित अवैध प्रक्रियाओं पर अब तक दांडिक कार्रवाई नहीं की गई। साथ ही वर्ष 2021 में लीज निरस्ती संबंधी पत्र जारी होने के बाद भी कब्जा प्राप्ति की कार्रवाई लंबित होने पर सवाल उठाए गए हैं।जनसुनवाई में सौंपे गए ज्ञापन में मांग की गई कि लोकहित की इस बहुमूल्य नगरपालिका भूमि को तत्काल नगरपालिका परिषद नीमच के आधिपत्य में लिया जाए तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए।यह ज्ञापन भाजपा पार्षद दल की ओर से शशिकुमार कल्याणी एडवोकेट, रूपेंद्र लॉक्स, आलोक सोनी एवं योगेश कवीश्वर ने कलेक्टर को सौंपा।

Top