ड्रोन सर्वे में नाम दर्ज होने की त्रुटि सुधार नहीं होने से परेशान पीड़ितों ने जनसुनवाई में लगाई गुहार.....
नीमच// जिले की जावद तहसील अंतर्गत ग्राम कुण्डला निवासी एक महिला ने परिवार सहित कलेक्टर कार्यालय पहुच कर ड्रोन सर्वे के दौरान राजस्व रिकॉर्ड में हुई त्रुटि के सुधार की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम आवेदन कलेक्टर जनसुनवाई में सौंपा है। महिला ने आरोप लगाया कि आवेदन देने के कई माह बाद भी राजस्व अभिलेखों में सुधार नहीं किया गया तथा तहसील कार्यालय में उसके साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा है।प्रार्थिया लाली बाई पिता मदनलाल, पति सत्यनारायण लोहार निवासी ग्राम कुण्डला ने आवेदन में बताया कि ड्रोन सर्वे के दौरान उनके नाम के स्थान पर उनके पिता मदनलाल का नाम दर्ज हो गया। इस त्रुटि को सुधारने के लिए उन्होंने धारा 113 के अंतर्गत 13 जनवरी 2026 को आवेदन प्रस्तुत किया था। आवेदन की प्रतिलिपि भी अधिकारियों को उपलब्ध कराई गई, लेकिन लंबे समय बाद भी राजस्व रिकॉर्ड में आवश्यक संशोधन नहीं किया गया।महिला का कहना है कि वह लगातार संबंधित अधिकारियों और तहसील कार्यालय के संपर्क में बनी हुई है, लेकिन उसे न तो लिखित और न ही मौखिक रूप से संतोषजनक जवाब दिया जा रहा है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि तहसीलदार द्वारा उन्हें बार-बार डांटकर भगा दिया जाता है तथा अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया जाता है।पीड़िता ने स्वयं को अनपढ़ और असहाय बताते हुए कहा कि प्रशासनिक उदासीनता के कारण उसे मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया कि इस प्रकार का व्यवहार शासन के नियमों एवं महिला सम्मान के विरुद्ध है और इससे उनके संवैधानिक एवं मानवीय अधिकार प्रभावित हो रहे हैं।महिला ने मुख्यमंत्री एवं जिला प्रशासन से मांग की है कि राजस्व रिकॉर्ड में हुई त्रुटि का शीघ्र सुधार कराया जाए तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित अधिकारियों के व्यवहार पर उचित कार्रवाई की जाए।