संपत्ति विवाद में घर में घुसकर हमला करने का आरोप,पीड़ित परिवार ने कार्रवाई की उठाई मांग.....
नीमच// शहर के स्कीम नंबर 10 क्षेत्र में संपत्ति विवाद को लेकर एक परिवार पर घर में घुसकर धारदार हथियारों से हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने कलेक्टर जनसुनवाई में आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई एवं परिवार की सुरक्षा की मांग की है।आवेदनकर्ता विनोद यादव पिता भंवरलाल यादव निवासी स्कीम नंबर 10 नीमच ने बताया कि घटना करीब सात दिन पूर्व की है। उस समय वह किसी काम से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान रमेशचंद्र यादव, दीपक यादव, राज यादव, मुकेश यादव, गोलू उर्फ रोहित, देव यादव, मोनिका, जितेंद्र, नेहा एवं बाबू सहित अन्य लोग एकजुट होकर उनके घर में जबरन घुस आए।पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपियों के पास तलवार,चाकू,लोहे की रॉड,लट्ठ एवं अन्य धारदार हथियार थे।आरोपियों ने उनके पुत्र सुदांशु यादव पर तलवार से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं और पांच से छह टांके लगाने पड़े। इसके अलावा पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आई हैं। वहीं उनकी पुत्री हर्षिता यादव भी हमले में घायल हुई है। दोनों का उपचार जिला चिकित्सालय नीमच में जारी है।विनोद यादव ने आवेदन में बताया कि घटना के बाद आरोपी पुलिस थाने पहुंच गए,जिससे बड़ी वारदात टल गई। उनका कहना है कि यदि समय रहते स्थिति नहीं संभलती तो गंभीर घटना हो सकती थी।पीड़ित ने आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा मामले में केवल चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपी अब भी फरार हैं। उन्होंने कहा कि आरोपियों के ठिकानों की जानकारी पुलिस को देने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।आवेदन में बताया गया कि आरोपियों से उनका संपत्ति एवं मकान को लेकर विवाद चल रहा है, जिसका मामला न्यायालय में विचाराधीन है। इसके बावजूद लगातार विवाद और धमकियां दी जा रही हैं। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।