तिलस्वां घाट पर फिर दर्द नाक हादसा:पेंट से भरी पिकअप पलटी, तीन मजदूरों की मौत, दो गंभीर....
नीमच// जिले के सिंगोली थाना क्षेत्र स्थित तिलस्वां घाट एक बार फिर भीषण सड़क हादसे का गवाह बना। मंगलवार रात करीब 9 बजे राजस्थान की ओर से आ रही कलर पेंट से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर घाट में पलट गई। हादसा इतना दर्दनाक था कि तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन क्रमांक आरजे 14 जीएन 6549 धौलपुर से बांसवाड़ा की ओर जा रहा था। वाहन में ऑयल पेंट की बाल्टियां भरी हुई थीं और मजदूर उन्हीं बाल्टियों के ऊपर बैठे हुए थे। तिलस्वां घाट के खतरनाक मोड़ पर अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और पिकअप सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।दुर्घटना में पिंटू पिता सुलोचन बिंद उम्र 35 वर्ष निवासी आलमपुर घूमनी थाना नंदगंज जिला गाजीपुर उत्तरप्रदेश, रामावत पिता शातीराम बिंद उम्र 50 वर्ष निवासी आलमपुर घूमनी गाजीपुर तथा उदयपाल पिता गोरीलाल लोधी उम्र 40 वर्ष निवासी बोरीपुर जिला बरेली उत्तरप्रदेश की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि मोहम्मद जाकिर पिता जुम्मी अली उम्र 40 वर्ष ओर इदरीस तथा सोमपाल लोधी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल सिंगोली अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सको ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनो घायलों को अन्य चिकित्सालय रेफर कर दिया।हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा, तहसीलदार प्रेमशंकर पटेल सहित पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीण अमजद मेव और धर्मराज ओड ने साहस दिखाते हुए पेंट से लथपथ घायलों और मृतकों को वाहन से बाहर निकाला।
गौरतलब है कि इसी तिलस्वां घाट में कुछ दिन पूर्व शिवशक्ति बस हादसा भी हुआ था, जिसमें 25 से अधिक यात्री घायल हुए थे। लगातार हो रहे हादसों के बाद एक बार फिर घाट की सुरक्षा व्यवस्था और सड़क की स्थिति पर सवाल खड़े होने लगे हैं।