ग्वालटोली तालाब बनेगा नीमच का नया आकर्षक पर्यटन केंद्र, नपा अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने किया निर्माण कार्यों का निरीक्षण.....
नीमच। नगर पालिका परिषद नीमच द्वारा शहर में विकास कार्यों की श्रृंखला के तहत इंदिरा नगर स्थित ग्वालटोली तालाब को एक सुंदर एवं आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। शुक्रवार को नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती स्वाति गौरव चोपड़ा ने सीएमओ श्रीमती दुर्गा बामनिया एवं पार्षदों के साथ अमृत योजना अंतर्गत निर्माणाधीन वाटर बॉडी प्रोजेक्ट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नपा इंजीनियर एवं ठेकेदार को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
परियोजना की प्रमुख विशेषताएं....
अमृत योजना के तहत लगभग सवा करोड़ रुपये की लागत से हो रहा निर्माण कार्य। ग्वालटोली तालाब क्षेत्र को आधुनिक एवं आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। परियोजना में आकर्षक फव्वारा, रिटर्निंग वॉल एवं पिचिंग वर्क का निर्माण। मॉर्निंग वॉक हेतु सुंदर पाथवे एवं पेवर ब्लॉक लगाए जा रहे हैं। सुंदर लाइटिंग एवं रेलिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
नागरिकों के बैठने के लिए आकर्षक कुर्सियां लगाई जाएंगी। वृक्षारोपण के तहत विभिन्न प्रजातियों एवं फूलों वाले करीब 700 पौधे लगाए जाएंगे।
नमो पार्क की भी मिलेगी सौगात...
तालाब के समीप खाली पड़ी भूमि पर “नमो पार्क” विकसित किया जाएगा। पार्क निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इससे शहरवासियों को पर्यटन स्थल के साथ सुंदर गार्डन की सुविधा भी मिलेगी।
बोटिंग शुरू करने की तैयारी....
तालाब का गहरीकरण कार्य भी जारी है। तालाब में पर्याप्त पानी रहने पर मोटर बोट चलाने की योजना बनाई जाएगी!
दो माह में कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य....
रिटर्निंग वॉल एवं पिचिंग कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है।
वर्तमान में पाथवे निर्माण का कार्य जारी है। नगर पालिका का प्रयास है कि आगामी दो माह में परियोजना पूर्ण कर शहरवासियों को नए पर्यटन स्थल की सौगात दी जाए।
निरीक्षण के दौरान पार्षद श्री हरगोविंद दीवान, श्री दुर्गा शंकर दशाना, श्री मुकेश पोरवाल एवं नपा इंजीनियर श्री दीपक मुवेल उपस्थित रहे।