logo
add image

हिट एंड रन मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई,बुजुर्ग महिला को टक्कर मारने वाली कार स्विमिंग पूल परिसर से जब्त.....।

नीमच//शहर के कैंट थाना क्षेत्र में हुए हिट एंड रन मामले में पुलिस ने महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए बुजुर्ग महिला को टक्कर मारने वाली कार क्रमांक MP-44-CA-2510 को सोमवार को नगर पालिका के स्विमिंग पूल परिसर से जब्त कर लिया। दुर्घटना के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया था,जिसके चलते मामला शहरभर में चर्चा का विषय बना हुआ था।जानकारी के अनुसार बीते दिन फोर जीरो चौराहे पर सड़क पार कर रही शिक्षक कॉलोनी निवासी बुजुर्ग महिला अनीता छाजेड़ को एक तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी थी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थीं, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटना के बाद कार चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया था।पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। फुटेज सामने आने के बाद वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और आरोपी चालक की गिरफ्तारी नहीं होने पर लोगों में नाराजगी बढ़ने लगी। घायल महिला और उनके परिजनों ने भी पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी।मामला मीडिया और सोशल मीडिया में प्रमुखता से सामने आने के बाद कैंट थाना पुलिस ने जांच तेज कर दी। सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली कि दुर्घटना में प्रयुक्त कार क्रमांक MP-44-CA-2510 नगर पालिका के स्विमिंग पूल परिसर में खड़ी है। इसके बाद सोमवार को पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्रेन की सहायता से वाहन को जब्त कर थाने ले गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद वाहन को सरकारी परिसर में खड़ा कर दिया गया था। कार पर मध्य प्रदेश शासन अंकित बताया जा रहा है तथा वाहन किसी पटवारी से जुड़ा होना चर्चा का विषय बना हुआ है।हालांकि हादसे के समय वाहन कौन चला रहा था, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।कैंट थाना पुलिस का कहना है कि वाहन को जब्त कर लिया गया है तथा चालक और वाहन स्वामी की भूमिका की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद दोषी के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Top