logo
add image

भैंस के आगे बीन बजाकर एनएचएम संविदा कर्मचारियों ने जताया विरोध, सातवें दिन भी हड़ताल जारी....

नीमच// राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल सोमवार को सातवें दिन भी जारी रही। प्रदेश स्तरीय आह्वान पर जिले के संविदा कर्मचारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरने पर बैठे रहे। कर्मचारियों ने शासन और प्रशासन का ध्यान अपनी समस्याओं की ओर आकर्षित करने के लिए अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन करते हुए प्रतीकात्मक रूप से "भैंस के आगे बीन" बजाकर सद्बुद्धि की प्रार्थना की।धरना स्थल ट्रॉमा सेंटर जिला चिकित्सालय के समीप कर्मचारियों ने शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन किया और अपनी लंबित मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से मांगें लंबित हैं, लेकिन शासन स्तर पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया जा रहा है।हड़ताल के कारण जिले में स्वास्थ्य सेवाओं पर भी असर देखने को मिल रहा है। टीबी कार्यक्रम,टीकाकरण अभियान,आरबीएसके कार्यक्रम,दवा वितरण व्यवस्था,डीपीएम यूनिट तथा दवा स्टोर सहित कई महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित हुए हैं। कर्मचारियों का कहना है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं निकाला गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।संविदा कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में मुख्यमंत्री द्वारा 30 जनवरी 2026 को की गई नियमितीकरण संबंधी घोषणा को लागू करना, सामान्य प्रशासन विभाग की 2023 की नीति के अनुसार एनपीएस और स्वास्थ्य बीमा का लाभ देना, 10 प्रतिशत वार्षिक वेतनवृद्धि प्रदान करना तथा नियमित कर्मचारियों की तरह महंगाई भत्ता देना शामिल है।इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों के वेतन में पीबीआई समायोजित करने, वेतन विसंगतियों का पुनर्निर्धारण करने, नियमित कर्मचारियों की तरह अवकाश सुविधा देने तथा समान कार्य के लिए समान वेतन और सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी कर्मचारियों द्वारा की जा रही है।कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

Top