जमीन विवाद ने पकड़ा तूल, मारपीट और धमकी के आरोपों के बीच दोनों पक्षों ने दर्ज कराई शिकायत....
नीमच// नीमच सिटी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नेवड़ में जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद होने का मामला सामने आया है। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष थाना पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों पक्षों के आवेदन लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार पहले पक्ष की भंवरीबाई प्रजापत ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मंगलवार शाम वह अपने खेत पर कृषि कार्य कर रही थीं। इसी दौरान अनिल एवं राजेश सिंधी करीब 50 लोगों के साथ वहां पहुंचे और संबंधित भूमि पर जबरन खंभे गाड़कर बाउंड्री निर्माण का कार्य शुरू कर दिया। भंवरीबाई का आरोप है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उनके तथा उनके पुत्र योगेश प्रजापत के साथ अभद्रता की, मारपीट की और मोबाइल फोन भी छीन लिया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से चले गए।
वहीं दूसरे पक्ष के राजेश कुमार सिंधी ने अपनी शिकायत में बताया कि ग्राम नेवड़ स्थित उनकी भूमि पर पड़ोसी द्वारा अवैध कब्जा किया गया था, जिसे प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत पटवारी एवं आरआई की मौजूदगी में हटाया गया था। राजेश सिंधी का आरोप है कि भूमि पर पत्थर गढ़ी एवं सीमांकन संबंधी कार्य के दौरान गोवर्धन प्रजापत और योगेश प्रजापत गांव के कुछ लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और विवाद करते हुए हमला कर दिया। उन्होंने गाली-गलौज करने के साथ जान से मारने की धमकी भी दी।राजेश सिंधी ने यह भी आरोप लगाया कि डायल-112 पुलिस की मौजूदगी में उन्हें झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। नीमच सिटी थाना पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों की शिकायतें प्राप्त हुई हैं। मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।