logo
add image

किर्ति नगर में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, पेड़ पर फंदे से लटका मिला शव; पुलिस ने शुरू की जांच.....

नीमच// शहर के किर्ति नगर क्षेत्र में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव पेड़ पर फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 21 वर्षीय राज वर्मा पिता भगीरथ वर्मा, निवासी जिला बड़वानी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राज वर्मा खाद-बीज भंडार से संबंधित कार्य के सिलसिले में कुछ समय से नीमच में रह रहा था। वह अपने अन्य साथियों के साथ किर्ति नगर क्षेत्र में किराए के कमरे में निवास कर रहा था और यहीं से अपना कार्य संचालित कर रहा था।
बुधवार सुबह भंवरलाल के कुएं के समीप स्थित एक पेड़ पर युवक का शव फंदे से लटका दिखाई दिया। स्थानीय लोगों की नजर पड़ते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को नीचे उतरवाकर जिला चिकित्सालय भिजवाया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी गई थी। परिजनों के नीमच पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया और शव उन्हें सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। मृतक के साथ रहने वाले साथियों तथा अन्य संबंधित लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके।

मौत के कारणों पर बना हुआ है सस्पेंस.....

युवक का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिलने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों और परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है।

Top