logo
add image

सर्पदंश से महिला की मौत, अंधविश्वास बना जानलेवा झाड़-फूंक के भरोसे गंवाया कीमती समय, अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ी हालत....

नीमच// जिले के जावद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सेंगवा में अंधविश्वास और जागरूकता की कमी के चलते एक महिला की मौत हो गई। खेत पर काम करते समय सांप के डसने से घायल हुई महिला को समय पर अस्पताल पहुंचाने के बजाय परिजन झाड़-फूंक कराने देवस्थान ले गए। उपचार में हुई देरी महिला के लिए घातक साबित हुई और जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सेंगवा निवासी पार्वती बाई धाकड़ (45 वर्ष), पति लक्ष्मीलाल धाकड़ बुधवार दोपहर अपने खेत पर ज्वार की फसल काट रही थीं। इसी दौरान घास में छिपे एक जहरीले सांप ने उनके पैर में डस लिया। सांप के काटते ही महिला ने शोर मचाया, जिस पर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी।

अस्पताल की जगह देवस्थान ले गए परिजन....

घटना के बाद महिला को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के बजाय परिजन उसे गांव के एक देवस्थान पर ले गए, जहां झाड़-फूंक और पारंपरिक उपायों के जरिए इलाज कराने का प्रयास किया गया। काफी समय तक अस्पताल न ले जाने के कारण महिला के शरीर में सांप का जहर तेजी से फैलता रहा और उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई।

गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया....

जब महिला की स्थिति अत्यंत गंभीर हो गई तब परिजन उसे दोपहर करीब 1:45 बजे जिला चिकित्सालय नीमच लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने तत्काल उपचार शुरू किया और महिला को बचाने के प्रयास किए, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। लगभग दो घंटे तक चले उपचार के बाद शाम करीब 4 बजे पार्वती बाई ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने पर जिला अस्पताल पुलिस चौकी ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया है।

विशेषज्ञों की सलाह, सर्पदंश में तुरंत अस्पताल पहुंचें....

चिकित्सकों का कहना है कि सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक या अंधविश्वास के बजाय मरीज को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाना चाहिए। समय पर एंटी-स्नेक वेनम (एएसवी) उपलब्ध होने से अधिकांश मामलों में मरीज की जान बचाई जा सकती है। ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता की कमी के कारण आज भी कई लोग अंधविश्वास का सहारा लेते हैं, जिससे ऐसे दुखद हादसे सामने आते हैं।

Top