logo
add image

स्टीयरिंग लॉक होते ही बेकाबू हुई कार, विद्युत खंभे से टकराई कार, खुले कुएं में गिरने से बाल-बाल बची, बड़ा हादसा टला....

नीमच//नीमच-सिंगोली मार्ग पर गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया, जब स्वास्थ्य विभाग की एक कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित बिना मुंडेर के कुए पर जा पहुंची। गनीमत रही कि कार गहरे खुले कुएं में गिरने से बच गई, अन्यथा बड़ा हादसा और जनहानि हो सकती थी।प्राप्त जानकारी के अनुसार स्वास्थ्य विभाग की कार डीकेन से जावद की ओर जा रही थी। कार में विभागीय अधिकारी भी सवार थे। इसी दौरान लक्ष्मीपुरा और दड़ौली गांव के बीच अचानक वाहन का स्टीयरिंग लॉक हो गया, जिससे चालक का नियंत्रण वाहन पर नहीं रहा। कार सड़क किनारे लगे एक विद्युत खंभे से टकरा गई और अनियंत्रित होकर कुएं की ओर बढ़ गई।बताया जा रहा है कि चालक रजाक मंसूरी की सूझबूझ और किस्मत के चलते वाहन कुएं में गिरने से बाल-बाल बच गया। हादसे में कार क्षतिग्रस्त हुई, लेकिन चालक और वाहन में सवार अधिकारी पूरी तरह सुरक्षित रहे। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
इस घटना ने एक बार फिर सड़क किनारे खुले और असुरक्षित पड़े कुओं की गंभीर समस्या को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मार्ग के आसपास कई कुएं बिना सुरक्षा दीवार और जाली के खुले पड़े हैं, जो किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे खुले कुओं को तत्काल सुरक्षित कराया जाए,ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।

Top