अहमदाबाद से लौटे मजदूर युवक की संदिग्ध मौत, जंगल में मिला शव,महुआ के पेड़ पर लटका मिला युवक, बच्चों की सूचना पर पहुंची पुलिस.....
नीमच//जिले की चीताखेड़ा चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भीमपुरा में एक 25 वर्षीय युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। युवक का शव गांधीपुरा के समीप जंगल में महुआ के पेड़ पर फंदे से लटका मिला।प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान गेंदमल मीणा पिता हेमराज मीणा उम्र 25 निवासी भीमपुरा के रूप में हुई है। बताया गया है कि गेंदमल अहमदाबाद में मजदूरी का कार्य करता था और हाल ही में अपने गांव लौटा था। बुधवार को वह घर से निकलकर जंगल की ओर गया था जहां उसने अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का खुलासा उस समय हुआ जब जंगल में महुआ के फल एकत्रित करने गए कुछ बच्चों ने पेड़ पर युवक का शव लटका हुआ देखा। यह दृश्य देखकर बच्चे घबरा गए और तत्काल गांव पहुंचकर ग्रामीणों को सूचना दी।सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी पुलिस डायल-112 को दी गई।सूचना पर चीताखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर घटनास्थल का पंचनामा तैयार किया तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय नीमच भेजा। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और युवक के इस कदम के पीछे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।