शहर को मिलेगा स्वच्छ और निर्बाध पेयजल, पाइपलाइन मरम्मत पर 22 लाख से अधिक खर्च,पेयजल संकट से राहत की तैयारी, पाइपलाइन सुधार और टंकियों पर जनरेटर लगाने की योजना....
नीमच// शहरवासियों को बेहतर और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगरपालिका परिषद ने जलापूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। नपा अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा की अध्यक्षता में आयोजित प्रेसिडेंट इन काउंसिल (पीआईसी) की विशेष बैठक में विशेष निधि से पाइपलाइन मरम्मत एवं सुधार कार्यों के लिए 22 लाख 15 हजार रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई।बैठक में शहर की जलापूर्ति व्यवस्था की वर्तमान स्थिति और उसमें आ रही समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि कई स्थानों पर पाइपलाइन पुरानी होने के कारण लीकेज और टूट-फूट की शिकायतें सामने आती रही हैं, जिससे पेयजल आपूर्ति प्रभावित होती है। स्वीकृत राशि से इन पाइपलाइनों की मरम्मत और आवश्यक सुधार कार्य किए जाएंगे, जिससे जल वितरण व्यवस्था अधिक सुचारू हो सकेगी।नपा अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने बताया कि शहर में गंदे पानी की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए फिल्टर मीडिया बदलने का कार्य भी शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि जलशोधन संयंत्र में लगे फिल्टर मीडिया को लगभग 15 से 20 वर्ष बाद बदला जा रहा है। वर्तमान में सभी 16 से 17 फिल्टर पैनलों का नवीनीकरण किया जा रहा है। यह कार्य पूर्ण होने के बाद आने वाले कई वर्षों तक शहरवासियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।उन्होंने कहा कि जलकल विभाग नगर की मूलभूत सुविधाओं से जुड़ा है,इसलिए इसकी व्यवस्थाओं को मजबूत करना परिषद की प्राथमिकता है। पाइपलाइन सुधार कार्यों के साथ-साथ भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए जल टंकियों पर जनरेटर लगाने के प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई।स्वाति चोपड़ा ने बताया कि कई बार विद्युत आपूर्ति बाधित होने के कारण टंकियां समय पर नहीं भर पातीं, जिससे जल वितरण प्रभावित होता है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए जनरेटर लगाने का सुझाव रखा गया है। यदि यह व्यवस्था लागू होती है तो बिजली गुल होने की स्थिति में भी टंकियां भरती रहेंगी और शहर में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी। परिषद की आगामी बैठक में इस प्रस्ताव पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।