जामा मस्जिद क्षेत्र में महिला से चाकू की नोक पर सोने के आभूषण ठगे, कार्रवाई नहीं होने पर एसपी से लगाई गुहार, दिनदहाड़े महिला से आभूषण लेकर फरार हुए बदमाश, पांच दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं....
नीमच//शहर के जामा मस्जिद क्षेत्र में एक महिला के साथ ठगी और लूट की वारदात का मामला सामने आया है। घटना के पांच दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।जानकारी के अनुसार ग्राम खेताखेड़ा डोरिया निवासी बुलाकीबाई पति भागचंद ओढ़ 6 जून को किसी निजी कार्य से नीमच आई थीं। शाम करीब 6 बजे जामा मस्जिद क्षेत्र में दो अज्ञात व्यक्ति उनसे मिले। महिला का आरोप है कि दोनों आरोपियों ने बातचीत के बहाने उनका विश्वास जीता और उन्हें अपने साथ ले गए। इसके बाद उन्होंने महिला को अपने प्रभाव में लेकर उसके पहने हुए सोने के आभूषण उतरवा लिए। पीड़िता ने अपने आवेदन में बताया कि जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। भयभीत महिला के आभूषण लेकर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद महिला ने उसी दिन कैंट थाना पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।बुलाकीबाई का कहना है कि घटना को पांच दिन बीत जाने के बावजूद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है और न ही उसके चोरी गए आभूषण बरामद किए गए हैं। इस स्थिति से परेशान होकर वह गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और लिखित आवेदन सौंपकर मामले में शीघ्र एवं निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।महिला ने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि वारदात क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। ऐसे में फुटेज की जांच कर आरोपियों की पहचान आसानी से की जा सकती है। पीड़िता ने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर चोरी गए आभूषण बरामद करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।