logo
add image

भादवा माता मार्ग पर मजदूरों से भरा टेम्पो पलटा, दो गंभीर घायल, छह मजदूर हादसे का शिकार....

नीमच// सिटी थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर भादवा माता मार्ग पर मजदूरों से भरा एक तीन पहिया लोडिंग टेम्पो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि चार अन्य मजदूरों को मामूली चोटें आईं। घायलों को तत्काल एम्बुलेंस की सहायता से जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। जानकारी के अनुसार सोमवार को प्रतिदिन की तरह कई मजदूर नीमच सब्जी मंडी स्थित मजदूर चौक पर काम मिलने की प्रतीक्षा कर रहे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति वहां पहुंचा और कुछ मजदूरों को भादवा माता क्षेत्र में काम पर ले जाने की बात कहकर अपने साथ रवाना हुआ। तीन महिला और तीन पुरुष मजदूर पहले बस से जवासा चौराहे तक पहुंचे। वहां से सभी ने एक तीन पहिया लोडिंग टेम्पो किराए पर लिया और भादवा माता की ओर रवाना हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टेम्पो भादवा माता मुख्य द्वार से कुछ दूरी पहले तेज रफ्तार में था। इसी दौरान मोड़ पर चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और टेम्पो सड़क पर पलटी खा गया। वाहन पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने घायलों की मदद करते हुए पुलिस व एम्बुलेंस को सूचना दी। हादसे में मुकेश पिता सुखराम (40 वर्ष), निवासी ग्राम शिवगढ़, जिला रतलाम के हाथ, पैर और सिर में गंभीर चोटें आई हैं। वहीं राजेश पिता बालू (35 वर्ष), निवासी बांसवाड़ा के पैर में गंभीर चोट लगी है। दोनों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। टेम्पो में सवार अन्य चार मजदूरों को हल्की चोटें और खरोंचें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। प्रारंभिक जानकारी में हादसे का कारण वाहन की तेज रफ्तार और चालक द्वारा नियंत्रण खोना बताया जा रहा है।

Top