मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होने पर कांग्रेस का प्रदर्शन, चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी कर सौंपा ज्ञापन......
नीमच// राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने के विरोध में मंगलवार को युवक कांग्रेस एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा तथा चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष मन्नू (मनमोहन) बना के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने कलेक्टर प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि मीनाक्षी नटराजन का नामांकन तकनीकी आधारों पर निरस्त किया गया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया के विपरीत है। ज्ञापन में मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने सांकेतिक रूप से चुनाव आयोग का सजीव पुतला बनाकर उसे बेड़ियों में जकड़ा और लोकतांत्रिक अधिकारों के संरक्षण की मांग उठाई। ज्ञापन सौंपने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर कार्यालय के बाहर मुख्य मार्ग पर चुनाव आयोग का पुतला दहन कर विरोध जताया। इस दौरान केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ताओं ने अपना आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शन में कांग्रेस जिलाध्यक्ष तरुण बाहेती, महिला कांग्रेस अध्यक्ष आशा सांभर, युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष मन्नू बना, बृजेश मित्तल, भानु प्रताप राठौर, बबली तंवर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा, चुनावी पारदर्शिता और जनमत के सम्मान के लिए उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।