ग्रामीणों की समस्या सुनने पहुंचे विधायक सखलेचा, उप स्वास्थ्य केंद्र का किया लोकार्पण; विरोध को बताया राजनीतिक प्रायोजित, मंडल अध्यक्ष गोखरू.....
नीमच// जावद विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बांगरेड़ में रविवार को लगभग 65 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवीन उप स्वास्थ्य केंद्र भवन (आयुष्मान आरोग्य मंदिर) का लोकार्पण विधायक ओमप्रकाश सखलेचा द्वारा किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। इस दौरान विधायक ने क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को ग्रामीणों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि सरकार गांव-गांव तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम के दौरान कुछ ग्रामीणों ने खेडा बांगरेड़ और बांगरेड़ के मध्य सड़क निर्माण की समस्या विधायक के समक्ष रखी। विधायक सखलेचा ने ग्रामीणों की बात गंभीरता से सुनी और समस्या के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों से चर्चा करने का आश्वासन दिया। जानकारी के अनुसार सड़क संबंधी मांग लंबे समय से चली आ रही है, जिसे लेकर ग्रामीण अपनी अपेक्षाएं व्यक्त कर रहे थे। इस बीच कार्यक्रम के पश्चात कुछ लोगों द्वारा विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी किए जाने का मामला भी सामने आया। हालांकि भाजपा मंडल अध्यक्ष सचिन गोखरू ने पूरे घटनाक्रम को राजनीतिक रूप से प्रेरित बताते हुए कहा कि इसे सामान्य जनभावना का प्रतिनिधित्व नहीं माना जा सकता। सचिन गोखरू ने कहा कि विधायक ओमप्रकाश सखलेचा क्षेत्र की जनता के बीच लगातार सक्रिय रहते हैं और उन्होंने जावद विधानसभा में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में अनगिनत विकास कार्य कराए हैं। उनके अनुसार उप स्वास्थ्य केंद्र के लोकार्पण जैसे जनहितकारी कार्यक्रम के दौरान कुछ असामाजिक एवं राजनीतिक तत्वों द्वारा विरोध का प्रयास किया गया, जो लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कहा कि विधायक सखलेचा ग्रामीणों की समस्या सुनने और समाधान के लिए स्वयं मौके पर पहुंचे थे। ऐसे में विकास कार्यों के कार्यक्रम को राजनीतिक विरोध का मंच बनाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि क्षेत्र की सड़क सहित अन्य समस्याओं का समाधान भी प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। गौरतलब है कि बांगरेड़ में निर्मित नवीन उप स्वास्थ्य केंद्र भवन से क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। स्थानीय लोगों का मानना है कि इस केंद्र के प्रारंभ होने से मरीजों, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को उपचार के लिए दूरस्थ क्षेत्रों में जाने की आवश्यकता कम होगी। वहीं विधायक सखलेचा ने भी क्षेत्र के समग्र विकास और जनसमस्याओं के निराकरण के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने की बात कही। भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि विकास कार्यों के आधार पर जनता का विश्वास विधायक सखलेचा के प्रति लगातार मजबूत हुआ है और विपक्षी तत्व इसी कारण जनहित के कार्यक्रमों को विवादित बनाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से विकास एवं जनकल्याण के कार्यों में सहयोग बनाए रखने की अपील की।