logo
add image

रामपुरा नगर परिषद के दो पूर्व अध्यक्षों पर शासन की बड़ी कार्रवाई, ज्योति करेल और यशवंत करेल 5 वर्ष के लिए चुनाव लड़ने से अयोग्य.....

नीमच//रामपुरा// मध्यप्रदेश शासन के नगरीय विकास एवं आवास विभाग ने रामपुरा नगर परिषद के दो पूर्व अध्यक्षों के खिलाफ अलग-अलग मामलों में कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें आगामी 5 वर्षों तक नगरीय निकाय चुनाव लड़ने के लिए अयोग्य (निरर्हित) घोषित कर दिया है। शासन द्वारा जारी आदेशों में पूर्व अध्यक्ष श्रीमती ज्योति करेल एवं यशवंत करेल को मध्यप्रदेश नगर पालिका अधिनियम, 1961 के विभिन्न प्रावधानों के उल्लंघन का दोषी मानते हुए यह कार्रवाई की गई है। श्रीमती ज्योति करेल के मामले में आरोप था कि अध्यक्ष पद पर रहते हुए उन्होंने सड़क निर्माण कार्य की निविदा अपने देवर की फर्म को दिलाकर प्रत्यक्ष लाभ पहुंचाया। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की जांच में पाया गया कि संबंधित कार्यों की निविदाएं उनके निकट संबंधी की फर्म को मिली थीं, जिसे अधिनियम की धारा 35 एवं धारा 51 के प्रावधानों के विपरीत माना गया। अपने जवाब में उन्होंने आरोपों को राजनीतिक द्वेष से प्रेरित बताते हुए किसी भी प्रकार के पद के दुरुपयोग से इनकार किया था, लेकिन शासन ने जांच प्रतिवेदन के आधार पर आरोपों को प्रमाणित माना। वहीं पूर्व अध्यक्ष यशवंत करेल के खिलाफ वित्तीय एवं प्रशासनिक अनियमितताओं का मामला सामने आया। जांच में बिना सक्षम वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति के भुगतान किए जाने सहित विभिन्न अनियमितताएं प्रमाणित पाई गईं। अपने प्रतिवाद में उन्होंने इन कार्यों की जिम्मेदारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी की बताते हुए स्वयं को उत्तरदायित्व से अलग रखने का प्रयास किया तथा शिकायत को राजनीतिक प्रेरित बताया, लेकिन शासन ने यह माना कि नगर परिषद अध्यक्ष के रूप में वित्तीय एवं प्रशासनिक कार्यों की निगरानी उनका वैधानिक दायित्व था। दोनों मामलों में शासन ने जांच प्रतिवेदनों एवं उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर आरोपों को प्रमाणित मानते हुए कार्रवाई की है। नगरीय विकास एवं आवास विभाग के सचिव द्वारा जारी आदेशों के अनुसार ज्योति करेल एवं यशवंत करेल को 5 वर्ष की अवधि तक नगरीय निकाय चुनाव लड़ने के लिए अयोग्य घोषित किया गया है। इस कार्रवाई को रामपुरा नगर परिषद के इतिहास में एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय माना जा रहा है, जिससे स्थानीय निकायों में जवाबदेही और पारदर्शिता को लेकर सख्त संदेश गया है।

Top